कोंडागांव , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की मर्दापाल थाना पुलिस ने एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मर्दापाल थाने में दर्ज मर्ग क्रमांक 15/2026 की जांच के दौरान मृतका के परिजनों और सहेलियों के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हसलनार बाजारपारा निवासी कुमेन्द्र कश्यप (19) की भूमिका सामने आई।
जांच में पुलिस को पता चला कि मृतका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस का कहना है कि मृतका ने आरोपी से विवाह करने की बात कही थी लेकिन उसने विवाह से इनकार कर दिया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा मृतका के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी तथ्य भी सामने आए हैं। इसके बाद युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए ग्राम हसलनार से उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक मर्ग जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कुमेन्द्र कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 108 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित