कोंडागांव , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में वन विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को वनमंडल अधिकारी चूड़ामणि सिंह के खिलाफ विरोध जताते हुए रैली निकाली और उन पर धमकी तथा प्रताड़ना का आरोप लगाया।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से संसाधनों की कमी और कार्यस्थल की समस्याओं की जानकारी देने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
कर्मचारियों ने सरगी गार्डन से वनमंडल अधिकारी कार्यालय तक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अधिकारियों से समस्याओं का समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे वनकर्मियों का आरोप है कि कठिन परिस्थितियों में कार्य करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं जबकि कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन लगातार कर रहे हैं।
वन कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष चंदन सेठिया ने बताया कि संसाधनों की कमी और कार्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर वनमंडल अधिकारी को पहले भी लिखित रूप में अवगत कराया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अच्छे कार्य के लिए प्रोत्साहन या सराहना देने के बजाय कर्मचारियों को बार-बार स्थानांतरण, निलंबन और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई की धमकी दी जाती है।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है और कई बार घंटों इंतजार करने के बावजूद अधिकारी ज्ञापन लेने भी नहीं पहुंचे। इससे कर्मचारियों में आक्रोश और बढ़ गया है। कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय कार्यों को पूरी निष्ठा से करने के बावजूद उन्हें अनावश्यक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित