कोंडागांव , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रांधना मोड़ के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ट्रक की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मोटरसाइकिल सवार ट्रक से टकराने के बाद सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दोनों युवक शनिवार देर रात मोटरसाइकिल से फरसगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रांधना मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल सामने से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। सीसीटीवी फुटेज में मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी अचानक हुई कि दोनों युवक मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित