कोंडागांव, 21 मई 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में ईंधन की किल्लत से आमजन और किसानों को हो रही परेशानियों और पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को कोंडागांव ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस भवन से बैलगाड़ी में मोटरसाइकिल लादकर और वाहन को धक्का देते हुए कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पहुंचे। वहां नारेबाजी करते हुए उन्होंने नेशनल हाईवे स्थित गांधी चौक तक रैली निकालकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सप्ताह के भीतर दो बार कीमतें बढ़ाई गईं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि जिले में पिछले कई दिनों से पेट्रोल और डीजल की किल्लत बनी हुई है, जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण किसानों को डीजल की सीमित उपलब्धता से खेती-किसानी के कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मरकाम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई और ईंधन संकट से परेशान है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश दौरे में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह सांकेतिक प्रदर्शन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित