कोंडागांव , अगस्त 03 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के मर्दापाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरुसनार में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की शक्कर निजी होटल संचालक को बेचने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान के संचालक तिलक बघेल पर गरीब हितग्राहियों के लिए आवंटित तीन बोरी (करीब 150 किलोग्राम) शक्कर एक निजी होटल संचालक को बेचने का आरोप है।

बताया गया कि छोटे कुरुसनार स्थित मानसिंह होटल में तीन बोरी शक्कर की मिली है। होटल संचालक की पत्नी श्यामबती कोराम ने बताया कि शक्कर उचित मूल्य दुकान के संचालक से खरीदी गई थी और सोमवार सुबह वाहन से दुकान से होटल तक पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूर्व में भी शासकीय अनाज होटल में लाकर व्यावसायिक उपयोग किए जाने की बात सामने आई है।

मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत सचिव महेश दीवान ने बताया कि वह फिलहाल जिला मुख्यालय में हैं। उन्होंने कहा कि सरपंच को मामले से अवगत करा दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य निरीक्षक मनि बघेल ने बताया कि वह मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जांच करेंगे। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित