कोंडागांव , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख 50 हजार रुपये की कथित ठगी के मामले में कांग्रेस समिति के जिला महामंत्री रितेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरोला निवासी अभिराम सोरी की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती की तैयारी के दौरान उसकी पहचान ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल से हुई थी। रितेश ने अपने प्रभाव और उच्चस्तरीय संपर्कों का हवाला देते हुए उसे पटवारी पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया और इसके एवज में छह लाख 50 हजार रुपये लिये।
शिकायत के मुताबिक रकम देने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। राशि लौटाने की मांग करने पर आरोपी ने आईडीबीआई बैंक के तीन-चार चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक अनादरित (बाउंस) हो गए। इसके बाद भी आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी रितेश पटेल (35) निवासी ग्राम बफना का पता लगाकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 14 जून को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि रितेश पटेल के विरुद्ध पूर्व में भी ठगी, बलवा तथा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित