कोंडागांव , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बेलगांव-आलोर मार्ग पर मंगलवार को डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित रहे तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बड़ेडोंगर की ओर जा रहा डीजल से लदा टैंकर बेलगांव और आलोर गांव के बीच अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। टैंकर में डीजल भरा होने के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि आगजनी अथवा किसी अन्य बड़ी दुर्घटना की स्थिति नहीं बनी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना में किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां टैंकर को सुरक्षित निकालने की तैयारी में जुटी हैं।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में बड़ा नुकसान टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित