कोण्डागांव , मई 20 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के दौरे पर बुधवार को पहुंचे केन्द्र सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन ने विकासखंड फरसगांव के ग्राम जुगानीकलार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित एकल ग्राम पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान एरिया अधिकारी उमेश भारद्वाज भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जी.एल. लखेरा, अधीक्षण अभियंता कैलाश मढ़रिया, अधीक्षण अभियंता आर.के. शुक्ला, कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र पांडे, सहायक अभियंता सी.पी. सोनवानी, उप अभियंता अजय टोप्पो, उप अभियंता निभा कोर्राम, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र पांडे ने बताया कि ग्राम जुगानीकलार में जल जीवन मिशन अंतर्गत 215.03 लाख रुपये की लागत से योजना स्वीकृत की गई है। योजना के तहत 65 किलोलीटर क्षमता की एक आरसीसी ऊंची पानी टंकी एवं एक सौर टंकी स्थापित की गई है, जिनके माध्यम से 409 घरों तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
ग्राम पंचायत जुगानीकलार की सरपंच संगीता नेताम ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद ग्रामीणों की हैंडपंप पर निर्भरता समाप्त हुई है और अब घर-घर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
दौरे के दौरान जल वितरण प्रणाली, योजना संचालन और पानी की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। अधिकारियों को वर्षा ऋतु के पूर्व एवं पश्चात अधिक से अधिक जल परीक्षण कराने तथा वर्ष में दो बार पानी की टंकियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्री सोन ने कहा कि ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन पर विशेष ध्यान देने, प्रत्येक गांव में एक व्यक्ति को प्रशिक्षित कर मिशन की गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने और नियमित अंतराल में जल टंकियों की सफाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित शौचालयों के उपयोग को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली गई तथा घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के समुचित निपटान के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित