कोंडागांव , अप्रैल 23 -- ) छत्तीसगढ़ में कोंडागांव विकासखंड के बानगांव में लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया।
जनपद सदस्य लीलावती नेताम के नेतृत्व में अपराह्न करीब एक बजे ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय का घेराव किया और अधिकारी को ज्ञापन सौपकर प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार, 17 अप्रैल को उन्होंने संबंधित विभाग को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही, जिससे नाराज ग्रामीणों को आखिरकार सड़क पर उतरना पड़ा।इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं खेती-किसानी और दैनिक कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित