जगदलपुर/कोंडागांव , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पुलिस की भूमिका अब केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रह गई है। जिला पुलिस युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों के त्वरित समाधान की दिशा में भी नई पहल कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा स्वयं युवाओं को निशुल्क कोचिंग दे रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक चंद्रा ने वार्ता से विशेष बातचीत में बताया कि जिले के युवा शारीरिक रूप से काफी सक्षम और प्रतिभाशाली हैं, लेकिन लिखित परीक्षाओं में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाते। इसे ध्यान में रखते हुए 'आरोहण' नाम से निशुल्क कोचिंग शुरू की गई है, जिसमें शारीरिक तैयारी के साथ-साथ लिखित परीक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समय-समय पर वह स्वयं भी कोचिंग कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हैं। इसके अलावा दो प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है तथा पुलिस विभाग के वे अधिकारी भी कक्षाएं लेते हैं, जिन्होंने स्वयं प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर सेवा प्राप्त की है।
श्री चंद्रा ने बताया कि इस पहल की शुरुआत 15 युवाओं के साथ की गई थी लेकिन मात्र दो माह में ही 110 से अधिक युवा प्रशिक्षण से जुड़ चुके हैं। प्रशिक्षण के दौरान पढ़ाई के साथ-साथ फील्ड स्तर की तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि कोचिंग के माध्यम से सैन्य सेवाओं, सिविल सेवा तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। वर्तमान में दो बैचों में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ने 'सहयोग चौपाल' पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कई विवाद, जिन्हें गांव स्तर पर आपसी सहमति से सुलझाया जा सकता है, उनके लिए लोगों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि चौपाल के माध्यम से तीन प्राथमिकी से जुड़े मामलों सहित कई अन्य विवादों का आपसी सहमति से निराकरण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक थाना सप्ताह में कम से कम दो सहयोग चौपाल आयोजित करता है। इनमें संबंधित अधिकारी दोनों पक्षों की मौजूदगी में मौके पर ही विवादों के समाधान का प्रयास करते हैं। इस पहल से पुलिस की पहुंच दूरस्थ गांवों तक बढ़ी है और स्थानीय स्तर पर विवादों के त्वरित निपटारे में भी सफलता मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित