केशकाल , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर बुधवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केशकाल में रंगोली, चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। प्रतियोगिता में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, राष्ट्रीय एकता तथा कर्तव्यबोध के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगोली, चित्रकला और निबंध के माध्यम से सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी मुख्य अतिथि तथा राज किशोर राठी, जनपद सदस्य हिडमो कुंजाम, राजकुमारी, पार्षद भूपेश चंद्राकर, पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय और विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, रचनात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

इस अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, महिला प्रधान आरक्षक महेश्वरी शांडिल्य तथा आरक्षक दीपक ध्रुव, मनोहर निषाद और अजय सलाम सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

थाना प्रभारी विकास बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में निबंध लेखन में सालिनी निर्मलकर, चित्रकला में प्रतिज्ञा मंडावी तथा रंगोली प्रतियोगिता में नादिया और मालती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए जनजागरूकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को और मजबूती मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित