पटना , मई 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि कॉलोनी और अपार्टमेंट जैसे सामूहिक आवासीय क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी की अध्यक्षता में आज खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक एक अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य में पेट्रोल, डीजल, पीएनजी और एलपीजी गैस की उपलब्धता, खपत और आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार में अब तक एक लाख 12 हजार पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन चालू हो चुके हैं, जबकि 25 हजार 813 लोगों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि पीएनजी कनेक्शन विस्तार का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सामूहिक आवासीय परिसरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस किया जाए। इससे बड़ी संख्या में घरों तक गैस सुविधा पहुंचेगी और लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में और तेजी लाकर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिये।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य में इन ईंधनों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आवश्यकता होने पर ही चारपहिया वाहनों का उपयोग करें तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित