यमुनानगर , सितंबर 08 -- हरियाणा में यमुनानगर में वर्ष 1996 में तकनीकी त्रुटि के कारण नियमित होने से रह गयी 76 कॉलोनियों के नियमितीकरण को लेकर मंगलवार को महापौर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने निगम अधिकारियों और पार्षदों की बैठक ली। बैठक में 64 कॉलोनियों की सीमा निर्धारण के लिए चल रहे सर्वे में तेजी लाने के निर्देश दिये गये।
महापौर और आयुक्त ने कहा कि शेष 64 कॉलोनियों के नियमितीकरण में अब पार्षदों की अहम भूमिका रहेगी। पार्षद अपने वार्ड में निगम अधिकारियों के साथ मिलकर कॉलोनियों की सीमा पर 1996 से पहले बने भवनों के दस्तावेज एकत्र करने में सहयोग करेंगे। सर्वे के दौरान निगम को कई जगह प्रॉपर्टी मालिकों से सहयोग न मिलने की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद पार्षदों को विशेष समितियों में शामिल किया गया है।
निगम आयुक्त ने सभी अधिकारियों को एक सप्ताह तक अन्य कार्य छोड़कर केवल सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि 1996 की अधिसूचना के तहत यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र की 76 कॉलोनियों में से 12 कॉलोनियां पहले ही नियमित हो चुकी हैं। शेष 64 कॉलोनियों को मंजूरी मिलने के बाद अंतिम नोटिफिकेशन आना बाकी है।
सर्वे के लिए गठित विशेष समितियों में सहायक नगर योजनाकार, प्लानिंग एक्सपर्ट, भवन निरीक्षक और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं। अब इनमें संबंधित पार्षद भी शामिल किये गये हैं। सर्वे में मकान मालिकों से 1996 से पहले के टैक्स रसीद, स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, डेवलपमेंट चार्ज रसीद, बिजली बिल, राशन कार्ड, वोटर कार्ड जैसे दस्तावेज लिये जा रहे हैं। कई कॉलोनियों में सर्वे पूरा हो चुका है, शेष में कार्य जारी है।
महापौर सुमन बहमनी ने कॉलोनी वासियों से अपील की कि वे नियमितीकरण प्रक्रिया में निगम का सहयोग करें और दस्तावेज उपलब्ध करायें, ताकि कॉलोनियां नियमित होने के बाद वहां गलियों, नालियों और अन्य विकास कार्य कराये जा सकें।
बैठक में सहायक नगर योजनाकार मृणाल जैसवाल, मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, प्लानिंग एक्सपर्ट आशीष सांगवान और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिव नगर (नालागढ़ का माजरा), महावीर कॉलोनी (बिलासपुर बाईपास), गुलाब पार्क, लक्ष्मी कॉलोनी, विष्णु गार्डन, ग्रीन विहार के नजदीक कॉलोनी, विजय नगर एक्सटेंशन-2, 3, भारत सेवक नगर साउथ, भागीरथ कॉलोनी, बसंत नगर, दुर्गा नगर और श्री शिव शंकर नगर (अंबाला रोड) कालोनियां नियमित हो चुकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित