भोपाल , जून 23 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राजधानी भोपाल में महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज के समीप संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर आज मंगलवार को पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा संस्थान के निकट शराब दुकान संचालित किए जाने का विरोध करते हुए कहा कि इससे छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। कुछ छात्र-छात्राएं पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़कर भी विरोध जताते नजर आए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, राइट कंट्रोल वाहन और वाटर कैनन भी मौके पर मौजूद रहे।
एबीवीपी के भोपाल महानगर सह मंत्री अमित महावर ने आरोप लगाया कि गर्ल्स कॉलेज से बेहद कम दूरी पर शराब दुकान संचालित की जा रही है, जो शिक्षा के वातावरण के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि परिषद लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रांत संयोजक शिवम जाट ने कहा कि कई बार ज्ञापन और निवेदन देने के बावजूद प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस बीच भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार नोटिस जारी किया जा चुका है तथा उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला स्तरीय समिति द्वारा सुनवाई की जा रही है। कॉलेज से दूरी सहित सभी नियमों की जांच कर कानून के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।
वही प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित