रामनगर , मार्च 20 -- उत्तराखंड के रामनगर में कॉर्बेट से सटे वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले टेड़ा क्षेत्र में विशालकाय किंग कोबरा दिखा, जिसे प्रसिद्ध वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जंगल के किनारे अचानक सामने आए इस किंग कोबरा को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। जानकारी देते हुए प्रसिद्ध वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर दीप रजवार ने बताया कि किंग कोबरा दुनिया के सबसे लंबे विषैले सांपों में से एक माना जाता है और इसका इस तरह खुले इलाके में दिखना अपने आप में खास है।

उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे मौसम में गर्माहट बढ़ती है, वैसे-वैसे सांपों की गतिविधियां भी तेज हो जाती हैं, सर्दियों के बाद गर्मी शुरू होते ही सांप अपने बिलों से बाहर निकलने लगते हैं और भोजन व अनुकूल वातावरण की तलाश में इधर-उधर दिखाई देने लगते हैं।

फोटोग्राफर रजवार ने कहा जैसे तापमान बढ़ता है सांप एक्टिव हो जाते हैं, यह इलाका जैव विविधता के लिहाज से बेहद समृद्ध है, इसलिए यहां कई प्रजातियों के सांप देखने को मिलते हैं। किंग कोबरा का दिखना इस क्षेत्र की प्राकृतिक समृद्धि को दर्शाता है। आपको बता दें कि यहां सांपों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें किंग कोबरा सबसे खास और दुर्लभ माना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित