रामनगर , दिसंबर 15 -- शीत ऋतु के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। निदेशक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व डॉ. साकेत बडोला के दिशा-निर्देशों एवं उप निदेशक राहुल मिश्रा के मार्गदर्शन में पार्क वार्डन/उप प्रभागीय वनाधिकारी बिजरानी बिंदर पाल के नेतृत्व में बिजरानी रेंज द्वारा सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, गौजानी में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में स्कूली बच्चों को शीत ऋतु में मानव-वन्यजीव संघर्ष के न्यूनीकरण और रोकथाम तथा वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शीतकाल में वन्यजीव अत्यधिक सक्रिय हो जाते हैं और इस दौरान वन क्षेत्रों में मानव प्रवेश से संघर्ष की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में जंगल या वन क्षेत्रों में प्रवेश न करने की अपील की गई।
बच्चों को यह भी बताया गया कि घरों के आसपास खुले में कूड़ा फेंकने से वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित हो सकते हैं, जिससे खतरा बढ़ता है। इसलिए स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा ढककर रखने तथा घरों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्थानीय वन कर्मियों ने किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी वन चौकी को सूचना देने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित