कॉर्बेट पार्क रामनगर,01अप्रैल(वार्ता) उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के झिरना पर्यटन जोन से एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है, जिसने सफारी पर गए पर्यटकों का रोमांच खास बना दिया,इस पूरे वीडियो को प्रसिद्ध वन्यजीव प्रेमी मोहम्मद नफीस ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
नफीस ने बताया कि कल जब वह झिरना जोन में सफारी पर थे,शाम का समय करीब 5 बजे का था और सूरज धीरे-धीरे ढलने लगा था। तभी जंगल के सन्नाटे को तोड़ते हुए हिरणों की तेज चेतावनी भरी आवाजें सुनाई देने लगीं। जंगल के जानकारों के मुताबिक, हिरण अक्सर शिकारी जानवरों की मौजूदगी भांपकर इस तरह की आवाजों से अन्य वन्यजीवों को अलर्ट करते हैं।
कुछ ही देर बाद घने जंगल के बीच से अचानक एक बाघिन तेज आवाज करते हुए बाहर निकली, ढलती धूप में उसकी काली धारियां चमक रही थीं, जो दृश्य को और भी भव्य बना रही थीं,नफीस ने बताया कि यह बाघिन अपने शावक को ढूंढने के लिए अंदर गई थी और फिर उसे खोजकर वापस लाई।
सबसे खास पल तब आया जब बाघिन के साथ उसका छोटा शावक भी नजर आया। शावक अपनी मां की हर हरकत का अनुसरण कर रहा था। दोनों बरसाती नदी के बीचों-बीच चलते हुए एक अनोखा और भावनात्मक रिश्ता दर्शा रहे थे, जिसे देख पर्यटक मंत्रमुग्ध हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित