नैनीताल , मई 18 -- उत्तराखंड के प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के कालागढ़ रेंज में सोमवार को एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बाघ के सभी अंग सुरक्षित हैं और शव को कब्जे में लेकर निस्तारित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीटीआर के सुरक्षा कर्मी आज सुबह गश्त पर थे। इस दौरान सीटीआर के धारा बीट-12 में उन्हें बाघ का शव दिखाई दिया। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
सीटीआर के निदेशक साकेत बडोला के अनुसार मौके पर पहुंची टीम ने आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं।
बाघ की उम्र लगभग 08 साल बताई गई है। पशु चिकित्सकों से निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत बाघ का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद बाघ के शव का नियमानुसार निस्तारण कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित