सीहोर , अप्रैल 08 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में बीती रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस अभियान के दौरान अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर कुल 164 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 57 स्थायी वारंटी और 107 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
अभियान के तहत धोखाधड़ी के एक मामले में फरार आरोपी को भी पकड़ा गया, जबकि तीन व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस दौरान जिले के 137 चिन्हित अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडों के निवास पर पहुंचकर सघन चेकिंग भी की।
कॉम्बिंग गश्त में सबसे अधिक सक्रियता थाना कोतवाली से 25 वारंटी, थाना शाहगंज से 14 वारंटी, थाना इछावर और भैरूंदा से 13-13 वारंटी, थाना श्यामपुर और रेहटी से 12-12 वारंटी तथा थाना जावर से 11 वारंटी की गिरफ्तारी के रूप में सामने आई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित