रांची , अक्टूबर 31 -- भाकपा (माले) लिबरेशन की पोलित ब्यूरो के सदस्य एवं पुनर्गठित पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य (शम्भूजी) के निधन पर भाकपा (माले) के झारखंड राज्य सचिव कॉमरेड मनोज भक्त ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री भक्त ने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन पार्टी और पूरे क्रांतिकारी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य (7 मार्च, 1942 - 30 अक्टूबर, 2026) का कल देर शाम पटना के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे और लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। वे 28 जुलाई, 1974 को पुनर्गठित भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन की केंद्रीय कमेटी के अंतिम जीवित सदस्य थे। उनका पूरा जीवन पार्टी निर्माण और क्रांतिकारी आंदोलन को समर्पित रहा।
श्री भक्त ने कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का संघर्षपूर्ण जीवन और क्रांतिकारी योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके निधन से पार्टी ने अपना एक वरिष्ठ नेता और मार्गदर्शक खो दिया है।
भाकपा (माले) कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य को लाल सलाम पेश करते हुए अपना लाल झंडा झुकाती है और उनके अधूरे मिशन को पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लेती है। उनकी अंतिम यात्रा 2 नवंबर को पटना में होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित