भोपाल , जुलाई 22 -- स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से शुरू होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में मध्यप्रदेश के पांच खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनकर विभिन्न स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे। इनमें राज्य एथलेटिक्स अकादमी के तीन खिलाड़ियों सहित जूडो और वेटलिफ्टिंग के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार 23 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित होने वाले खेलों में भारत 124 सदस्यीय दल के साथ 10 खेलों तथा पैरा स्पर्धाओं में भाग लेगा। मध्यप्रदेश की ओर से राज्य एथलेटिक्स अकादमी के देव मीणा, कुलदीप कुमार और समरदीप सिंह, जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य तथा वेटलिफ्टर वल्लुरी अजय बाबू भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

एथलेटिक्स में देव मीणा और कुलदीप कुमार पोल वॉल्ट, जबकि समरदीप सिंह शॉटपुट स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। हाल के राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीनों खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में स्थान बनाया है।

देव मीणा ने इस वर्ष 5.46 मीटर की छलांग लगाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था, जबकि कुलदीप कुमार ने 5.41 मीटर के प्रदर्शन के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने बाद में 5.45 मीटर की छलांग भी लगाई। वहीं समरदीप सिंह ने 20.03 मीटर का थ्रो कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया और भारतीय टीम में स्थान सुनिश्चित किया।

एथलेटिक्स के अलावा जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य और वेटलिफ्टर वल्लुरी अजय बाबू भी कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का चयन राज्य खेल अकादमियों में उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं का परिणाम है। विभाग को उम्मीद है कि प्रदेश के खिलाड़ी ग्लासगो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित