अहमदाबाद , अक्टूबर 08 -- पारस गुप्ता और ध्वज हरिया ने गुरुवार को यहां वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 के पहले दिन अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की और कई खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं के अगले दौर जगह बनाई।

आज यहां पुरुषों के हेबॉल इवेंट में, पारस गुप्ता ने समोआ के रेवेलेशन टैगालोआ को 8-3 से हराया, जबकि उज़ैर खान ने हुसैन अब्दुल्ला को 9-4 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। अगले दौर में गुप्ता का मुकाबला क्रेग ब्राउन से होगा, जिन्होंने अज़ीम बकर को 9-2 से हराया था, वहीं खान का सामना टैन झोंग वेई से होगा।

पुरुषों के स्नूकर में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा; ध्वज हरिया ने आइल ऑफ़ मैन के क्रिस डैगनॉल को 3-0 से हराया और लक्ष्मण सिंह रावत ने ऑस्ट्रेलिया के डेविड राइट को 3-2 से मात दी। केतन चावला भी आइल ऑफ़ मैन के माइकल कर्फी के खिलाफ खेल रहे थे।

महिलाओं के स्पर्धाओं में, स्नेन्थ्रा बाबू ने नताशा केंट को 3-1 से हराया, जबकि स्नूकर में श्रुति लक्ष्मीनारायणन ने ऑस्ट्रेलिया की जेसिका वुड्स पर 3-1 से जीत दर्ज की। महिलाओं के बिलियर्ड्स में, अनुपमा रामचंद्रन ने भी चिम्बा चिमफ्वेम्बे के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

भारतीय खिलाड़ियों ने 10-बॉल और बिलियर्ड्स में भी जीत हासिल की; पुरुषों के 10-बॉल इवेंट में लालरीना रेन्थलेई ने केली याम्बी को 9-3 से हराया, जबकि दिव्या शर्मा ने भी डार्सी मैकगिनली के खिलाफ जीत दर्ज की। पुरुषों के बिलियर्ड्स में, सिद्धार्थ पारिख ने क्लाइव मार्श को हराया, जबकि रयान रज़मी कनाडा के केविन ऑगस्टा के खिलाफ खेल रहे थे। महिलाओं के ब्लैकबॉल इवेंट में, जियाना रेगो ने थापेलो मोथाटे को 5-2 से हराया।

हालांकि, पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों को कुछ मुश्किल नतीजों का भी सामना करना पड़ा। महिलाओं के हेबॉल मुक़ाबले में जिया सहगल को एग्नेस किमुरा से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि विद्या पिल्लई को दक्षिण अफ्रीका की मरीना जैकब्स ने 2-7 से हराया। इंग्लैंड की केली फिशर ने मॉरिशस की वैष्णवी जुगनारायण को 7-1 से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित