मुंबई , मई 23 -- महाराष्ट्र में हिंगोली जिले के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने शनिवार को बताया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गयी है। वह अभी भी अमेरिका में हैं, जहाँ वे पढ़ाई कर रहे हैं।

यह कदम तब उठाया गया जब सीजेपी की वेबसाइट, इंस्टाग्राम अकाउंट और एक्स अकाउंट को बंद पाया गया। यह घटना उस समय घटित हुईं, जब कुछ ही दिनों में लगभग 10 लाख फॉलोअर्स उनसे जुड़ गए थे।

इससे पहले श्री दिपके ने ऑनलाइन खुलासा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने एक्स पर एक धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट शेयर किया था। उनके घर के बाहर पुलिस तैनात होने की पुष्टि करते हुए श्री अतुलकर ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, "लोग श्री दिपके और उनकी 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बारे में बहुत उत्सुक हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उनके घर के पास पुलिस तैनात की गयी है। उनके घर पर अगले कुछ दिनों तक पुलिस की तैनाती जारी रहेगी।"गौरतलब है कि सीजेपी वेबसाइट, इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट बंद होने के बाद इस राजनीतिक संगठन के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। हालांकि श्री दिपके ने अपने समर्थकों को ऐसी कोई भी गलती करने से बचने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई विरोध प्रदर्शन होता है, तो उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित