मुंबई , मई 20 -- उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के हाल ही में दिये गये बयान से प्रेरित होकर राजनीति में कदम रखने वाले नये संगठन 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने बुधवार को दावा किया कि उसके संगठन से 40,000 से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। इस पार्टी का चुनाव आयोग में आधिकारिक रूप से पंजीकृत होना अभी बाकी है।

पुणे निवासी अभिजीत दीपके नामक व्यक्ति के ऑनलाइन शुरू की गयी यह पार्टी अपनी वेबसाइट पर खुद को 'युवाओं की, युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए पार्टी' बताती है और इसका नारा "धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक, आलसी" है।

पार्टी ने 'एक्स' अकाउंट पर एक बयान ट्वीट करते हुए कहा, "हजारों लोग ऑनलाइन इस अभियान से जुड़े हैं और इसे एक नये प्रकार की डिजिटल राजनीति के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि अन्य राजनीतिक दल इसे एक मजाक या व्यंग्य मान रहे हैं।"कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुणे से पत्रकारिता में स्नातक किया है और बाद में बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में परास्नातक करने के लिए वे अमेरिका चले गये।

पार्टी के ऑनलाइन पोस्ट में मजाकिया अंदाज में कहा गया है कि इसका सदस्य बनने के लिए व्यक्ति का 'बेरोजगार, हर वक्त ऑनलाइन रहने वाला, पेशेवर रूप से भड़ास निकालने वाला और आलसी' होना जरूरी है।

हालांकि इस हास्य-व्यंग्य के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने युवाओं की बेरोजगारी, परीक्षा के पेपर लीक विवाद, व्यवस्थागत पारदर्शिता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे गंभीर मुद्दे भी उठाये हैं।पार्टी ने यह भी कहा है कि वह जल्द ही एक 'जेन जेड' वर्चुअल सम्मेलन आयोजित करेगी, जहां युवा नीतियों और शासन पर चर्चा करेंगे।

इसके अलावा ऑनलाइन प्रकाशित कॉकरोच जनता पार्टी के घोषणापत्र में मुख्य न्यायाधीश के लिए सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले सभी राजनीतिक पदों पर प्रतिबंध, महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दलबदलू राजनेताओं पर 20 साल के प्रतिबंध की मांग की गयी है।

कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स बंटे हुए नजर आ रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे महज 'मीम पॉलिटिक्स' कहा है, जबकि अन्य का कहना है कि यह पहली बार है जब कोई मंच युवाओं से उनकी ही भाषा में उनकी तात्कालिक चिंताओं के बारे में सीधे बात कर रहा है।

एक यूजर ने लिखा, "यह देश की पहली ऐसी पार्टी है जो कम से कम युवाओं के दर्द को समझती है।" एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने टिप्पणी की, "अब राजनीति रेडिट और इंस्टाग्राम रील्स जैसी हो गयी है।" फिर भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कॉकरोच जनता पार्टी को 'भारत में जेन जेड की राजनीति का नया चेहरा' बताया।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि कॉकरोच जनता पार्टी एक आधिकारिक राजनीतिक दल बनेगी या केवल इंटरनेट तक सीमित ऑनलाइन आंदोलन बनकर रह जायेगी, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर हलचल जरूर पैदा कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित