चंपावत , जुलाई 08 -- ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा दल बुधवार को उत्तराखंड के टनकपुर पहुंच गया। यहां परंपरागत उत्तराखंडी अंदाज में दल का भव्य स्वागत किया गया। इस दल में देश के विभिन्न राज्यों के 47 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 13 महिलाएं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रियों का दूसरा दल दिल्ली से चलकर आज शाम को चंपावत के टनकपुर पहुंचा। चंपावत जिला प्रशासन और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) की ओर से यात्रियों का भव्य अभिनंदन किया गया।

दल में राजस्थान के आठ, गुजरात के 10, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से पांच-पांच, महाराष्ट्र से छह, मध्य प्रदेश से चार, हरियाणा से तीन, आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड से दो-दो तथा कर्नाटक और तेलंगाना से एक-एक श्रद्धालु शामिल हैं।

दूसरी ओर कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल ने आज सुबह गुंजी से नाभीढांग के प्रस्थान किया। बताया जा रहा है कि नाभीढांग पहुंचने से पहले दूसरे दल ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किये। उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी के अनुसार दूसरा दल आज सकुशल नाभीढांग पहुंच गया है। कल यह दल अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित