पिथौरागढ़ , जुलाई 14 -- भारत और चीन के बीच संचालित होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से संचालित हो रही है। अभी तक तीन दल कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए निकले हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को कैलाश यात्रा के दूसरे दल ने तकलाकोट के रास्ते चीन अधिकृत तिब्बत में प्रवेश किया और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दल को चीनी अधिकारियों के हवाले किया गया। यह दल अब चीनी अधिकारियों की देखरेख में आगे की यात्रा संपन्न करेगा।

पिथौरागढ़ जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार पहले दल ने चीन स्थित कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा शुरू कर दी है। यह दल अभी कुछ दिन चीन में रुक कर कैलाश मानसरोवर के दर्शन करेगा और उसके बाद वापस भारत लौटेगा। इसी प्रकार कैलाश यात्रियों का तीसरा जत्था आज शाम को गूंजी पहुंचा। धारचूला के उप जिलाधिकारी आशीष जोशी के अनुसार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है।

बुधवार को यह दल गुंजी में ही विश्राम करेगा और सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जायेगा। अगले दिन आदि कैलाश के दर्शन के साथ ही यात्री गुंजी से नाभीढांग की यात्रा पर निकलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित