देहरादून/श्री केदारनाथ धाम , अप्रैल 30 -- प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने गुरुवार को उत्तराखंड में ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दिव्य दर्शन प्राप्त कर विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उन्होंने यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के बावजूद यात्रा सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने यहां अपने लोकप्रिय भक्ति गीत ''जय जय केदारा'' प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भी भावविभोर होकर शामिल हुए।
श्री खेर के मंदिर परिसर में पहुंचने पर जिला प्रशासन, केदार सभा के सदस्यों तथा मंदिर समिति के सदस्यो ने स्वागत किया वहीं श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्री केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहितों, मंदिर समिति, केदार सभा से सदस्यों से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा यात्रा के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद व्यवस्था बनाए रखना प्रशंसनीय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित