पटना , अक्टूबर 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार में पार्टी संगठन के प्रमुख आधार स्तंभ रहे स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जन्मजयंती पर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया सहित पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कैलाशपति मिश्र के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन संगठन, विचारधारा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने संगठन को विस्तार देने तथा कार्यकर्ताओं को मजबूती से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किया।
वक्ताओं ने कहा कि बिहार में भाजपा को जमीनी स्तर पर स्थापित करने में श्री मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने के साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं में अनुशासन, निष्ठा और सेवा की भावना विकसित करने पर जोर दिया। सादगीपूर्ण जीवन और संगठन के प्रति उनका समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित