सहारनपुर , मार्च 19 -- कैराना में समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद इकरा हसन सदर कोतवाली में 150 समर्थकों के साथ धरने पर बैठी है।

उनके साथ पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान कुरैशी, पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, पार्षद रिंकू अरोडा समेत सपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कोतवाली में जमे हुए है। इकरा हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रामराज्य को यही के पुलिस अधिकारी रावण राज्य बनाए हुए है। इकरा हसन शामली के मोनू हत्याकांड के मामले में मृतक की माता एवं परिजनों के साथ आज दोपहर डीआइजी अभिषेक सिंह से मिलने आई थी मगर डीआइजी ने उनकी बात ठीक से नहीं सुनी। बाहर निकलने पर थाना सदर बाजार पुलिस इकरा हसन को महिला थाने लेकर गई।

थाना सदर पुलिस ने इकरा हसन के साथ गए मांगेराम कश्यप और चार अन्य लोगों को जेल भेज दिया। इसके विरोध में इकरा हसन धरने पर बैठ गई है। उनकी मांग है कि उनके समर्थकों को रिहा किया जाए अथवा उसी जुर्म में उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। सदर थाने में लगातार सपाईयों की भीड बढ़ती जा रही है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि ये लोग डीआईजी आवास के बाहर सड़क जाम कर रहे थे। एसपी सिटी व्योम बिंदल इकरा हसन से बात करने रात्रि आठ बजे कोतवाली सदर थाने पहुंचे। इकरा हसन ने उनसे अपने जेल भेजे गए समर्थकों की रिहाई की मांग की जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। सपाइयों का रोष लगातार बढता जा रहा है।

इकरा हसन ने यूनीवार्ता से कहा कि वह अपनी मांग पूरी नहीं होने तक धरना जारी रखेगी। इस संबंध में डीआईजी समेत कोई भी आला अफसर कुछ कहने की तैयार नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित