भभुआ , जून 07 -- बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने 100.94 ग्राम हेरोइन बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय उच्च पथ-19 पर वाहन जांच के दौरान संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों के पास से 100.94 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

सूत्रों ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमुनीनार निवासी अशोक कुमार तथा कझारघाट निवासी गोरख मलाह और चंदन कुमार के रूप में की गई है। आरोपियों के पास से 3,954 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित