भभुआ , मई 26 -- बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने साइबर ठगी मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। साइबर अपराध शाखा भभुआ की पुलिस अधीक्षक नीतु सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न बैंकों में फर्जी तरीके से खाते खुलवाकर करीब 13 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। मामले में अब तक आठ शिकायतें दर्ज की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर शाखा स्पेशल सर्किट पटना के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव निवासी रामअवतार तिवारी के पुत्र सत्येन्द्र तिवारी को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी वर्तमान में भभुआ वार्ड संख्या-01 नई बस्ती सेमरियां स्थित मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके गांव और शहर स्थित दोनों ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और विभिन्न प्रमाण पत्र सहित कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया किपूछताछ के दौरान आरोपी ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि इस गिरोह के तार पटना के बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। मामले से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित