भभुआ , सितंबर 28 -- बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने झपट्टा मारकर सामान लूटने की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जारी सूचना के अनुसार, 18 सितंबर को कुदरा थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर एक महिला के साथ अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने झपट्टा मारकर सामान लूट लिया था। इसके बाद 22 सितंबर को कुदरा-पुसौली मार्ग के बीच टेम्पो पर बैठी एक लड़की से झपट्टा मारकर सामान लूटने की घटना हुई थी। दोनों घटनाओं में पर्स से मोबाइल, नकद राशि और आधार कार्ड समेत अन्य कागजात ले लिये गये थे।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए कुदरा थाना में दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी निवासी शफीक अब्बास, समहौता निवासी हरे राम कुमार और रिझाई निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित