भभुआ , अक्टूबर 31 -- बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 43 मवेशियों को बरामद किया है।

पुलिस ने कंटेनर को भी जब्त कर लिया है। मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार दुर्गावती थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में मवेशियों को लादकर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के दक्षिणी लेन से ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने झारखंड के पंजीकरण नंबर जेएच08जे0290 वाले एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उसमें 43 मवेशी क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे हुए मिले। पुलिस ने सभी मवेशियों को बरामद कर कंटेनर को जब्त कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित