भभुआ , अक्टूबर 04 -- बिहार के कैमूर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने सितंबर माह में व्यापक अभियान चलाकर विभिन्न आपराधिक मामलों में 1305 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें 444 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

पुलिस ने इस दौरान शराब तस्करी, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, हथियार और पशु तस्करी के विरुद्ध भी बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सामान और वाहन जब्त किए हैं।

कैमूर पुलिस की ओर से जारी सितंबर 2026 की उपलब्धियों के आंकड़ों के अनुसार, हत्या के तीन, हत्या के प्रयास के 27, बलात्कार के चार, अपहरण के 11, पुलिस पर हमला करने के 12, आर्म्स एक्ट के छह और एनडीपीएस अधिनियम के तहत 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। डकैती और लूट के मामलों में कोई गिरफ्तारी दर्ज नहीं की गई। पशु तस्करी के मामले में 13 तथा अन्य कांडों में 128 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न मामलों में 91 वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट और अन्य आदेशों के निष्पादन में भी तेजी दिखाई। इस दौरान 562 गैर-जमानती वारंट और 499 जमानती वारंट का निष्पादन किया गया। वहीं, 26 मामलों में कुर्की और 74 मामलों में इश्तेहार की कार्रवाई की गई। न्यायालय से मिली राहत के बाद 146 अभियुक्तों को रिकॉल पर मुक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित