भभुआ , सितम्बर 14 -- बिहार में कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार बनाने और तस्करी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार बनाने के उपकरण, 25 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को 13 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि चैनपुर बाजार के करवा मुहल्ला निवासी मोहम्मद असगर अली उर्फ असगर अपनी दुकान से चोरी-छिपे हथियार और गोली की तस्करी करता है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चैनपुर थानाध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि गठित टीम ने चैनपुर बाजार स्थित आरोपी की दुकान में छापेमारी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से तीन बैरल, एक ड्रिल मशीन, एक कटर मशीन और एक हथौड़ी बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के घर की तलाशी लेने पर वहां से 25 जिंदा कारतूस और तीन खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर मोहम्मद असगर अली उर्फ असगर, पिता-शेख कलीम, निवासी करवा मुहल्ला, थाना चैनपुर, जिला कैमूर को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित