भभुआ/ सासाराम , मार्च 24 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि कैमूर जिले के अधौरा पहाड़ पर हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण कराया जाएगा, जहां कुख्यात अपराधियों और आतंकवादियों को बंद किया जाएगा।

श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान कैमूर जिले में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में विकास की मजबूत नींव न्याय यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के माध्यम से रखी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। कैमूर में डिग्री कॉलेज की स्थापना के बाद यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि पहले राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर हो गई हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि बिहार का बजट भी 23 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।बिजली के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले केवल 17 लाख उपभोक्ता थे, जो अब बढ़कर दो करोड़ 16 लाख हो गए हैं। आज राज्य में 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिससे लगभग 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये भेजे गए हैं। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया गया है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बिहार को उद्योग हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

श्री चौधरी ने कैमूर की चार में से तीन सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कैमूर की जनता का आभार कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित