भभुआ , मई 22 -- बिहार के कैमूर जिले से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया है। कैमूर के जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह निदेशानुसार आज श्रम संसाधन विभाग, कैमूर के तत्वावधान में श्रम अधीक्षक चंदन कुमार द्वारा गठित जिला धावा दल के माध्यम से बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत बाल श्रम रोकथाम एवं बाल श्रमिक विमुक्ति के लिये मोहनिया प्रखंड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।

उक्त धावा दल का नेतृत्व मोहनिया प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजीव रंजन निखर द्वारा किया गया। अभियान के दौरान मोहनिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं छापेमारी की गई।

छापेमारी के क्रम में एनएच-2 के दक्षिणी भाग स्थित देवकली के श्री राधा कृष्ण होटल में एक बाल श्रमिक कार्यरत पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से विमुक्त कराया गया। विमुक्त बाल श्रमिक रोहतास जिला का निवासी बताया गया है। बाल श्रमिक को आवश्यक कार्रवाई के बाद दादर स्थित बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान के नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित