भभुआ , जून 21 -- बिहार में कैमूर जिला प्रशासन ने रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर अमृत सरोवर, दतियाँव गांव, बेतरी पंचायत में योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना था।कार्यक्रम में आचार्य कल्याणमित्रानन्द अवधूत (आनन्द मार्ग के योग संन्यासी) एवं उनके शिष्यों द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है तथा व्यक्ति को तनावमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन जीने में सहायक होता है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दिव्या शक्ति, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने अनुरोध किया।

कार्यक्रम के दौरान "योग करें, निरोग रहें" एवं "स्वस्थ भारत, समर्थ भारत" का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। योगाभ्यास के उपरांत उपस्थित लोगों ने स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला प्रशासन, कैमूर एवं मनरेगा विभाग तथा जिला गंगा समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित