बेंगलुरु , जुलाई 27 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार की औपचारिकताएं इसी हफ्ते पूरी कर ली जायेंगी, जो इस बात का संकेत है कि लंबे समय से लंबित यह प्रक्रिया विधानसभा सत्र से पहले अपने अंतिम चरण में पहुंच गयी है।
नयी दिल्ली रवाना होने से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए श्री शिवकुमार ने कहा, "कैबिनेट की औपचारिकताएं इसी हफ्ते पूरी हो जायेंगी।" उन्होंने हालांकि शामिल किये जाने वाले संभावित नेताओं के नामों या शपथ ग्रहण की तारीख का खुलासा नहीं किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एमएलसी सलीम अहमद ने कहा कि श्री शिवकुमार का दिल्ली दौरा पार्टी नेतृत्व के साथ अंतिम दौर की चर्चा का हिस्सा है, क्योंकि वे पहले ही संकेत दे चुके थे कि कैबिनेट का विस्तार इसी हफ्ते होगा।
श्री अहमद ने बताया कि विस्तार को अंतिम रूप देने के लिए श्री शिवकुमार और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद, एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल व कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा, "अंतिम फैसला आलाकमान करेगा। कैबिनेट विस्तार से पहले हम इसी सामान्य प्रक्रिया का पालन करते हैं।"राज्य के श्रम मंत्री संतोष लाड ने भी उम्मीद जतायी कि दिल्ली में चर्चा के दौरान विस्तार को हरी झंडी मिल जायेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले नेतृत्व की ओर से यह प्रक्रिया पूरी किये जाने की संभावना है।
मंत्रिपद पाने के लिए विधायकों की ओर से की जा रही जोरदार लामबंदी के बीच उम्मीद जतायी जा रही है कि कांग्रेस सरकार क्षेत्रीय, जातीय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाते हुए कैबिनेट में खाली पड़े बाकी पदों को भरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित