चंडीगढ़ , अक्टूबर 03 -- पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मी कांता चावला ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छारको भारत रत्न दिये जाने की मांग की है।
सुश्री चावला ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कैप्टन मच्छार ने हाल में फ्लाईदुबई की उड़ान में संकट के दौरान साहस का परिचय देते हुए यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रिपोर्टों के अनुसार, दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर हमला किया था। घायल होने के बावजूद उन्होंने स्थिति से निपटने में बहादुरी दिखाई, जिसके बाद विमान की आपात लैंडिंग करायी गयी और विमान में सवार 174 लोग सुरक्षित रहे।
सुश्री चावला ने कहा कि कैप्टन मच्छार के साहस से देश का गौरव बढ़ा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी प्रशंसा हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि आगामी गणतंत्र दिवस से पहले उनके नाम पर भारत रत्न की घोषणा की जाये। उन्होंने पद्म पुरस्कारों के कथित राजनीतिक इस्तेमाल पर भी सवाल उठाये और कहा कि ऐसे सर्वोच्च सम्मानों के लिए चयन में राजनीतिक विचारों के बजाय पात्रता और उपलब्धियों को आधार बनाया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित