नयी दिल्ली , नवंबर 20 -- गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी कैपिटल इंडिया फाइनेंस लिमिटेड (सीआईएफएल) ने भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व उप प्रबंध निदेशक सुरेन्द्र राणा को अपना कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

कंपनी ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि श्री राणा की नियुक्ति 18 नवंबर से तीन साल की अवधि के लिये है। इसे शेयरधारकों की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

श्री राणा के पास स्टेट बैंक में 34 साल से ज़्यादा समय तक काम करने का अनुभव है और उन्हें लघु और मझोले तथा एग्री फाइनेंसिंग, ऋण एवं जोखिम प्रबंध और नीति निर्माण में बड़े बदलाव लाने वाले कामों के लिए जाना जाता है।

कैपिटल इंडिया फाइनेंस के प्रबंध निदेशक केशव पोरवाल ने कहा, " श्री राणा का अनुभव और मज़बूत रणनीतिक सोच हमारे कर्ज के कारोबार को तेज़ करने में बहुत काम आएगी।"पिछले सप्ताह जारी कंपनी के तिमाही परिणामों के अनुसार 30 सितंबर, 2025 तक कंपनी के प्रबंधन में 1024 करोड़ रुपये की सम्पत्तियां थी जो सालाना आधार पर 11.43 प्रतिशत वृद्धि दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित