कोलकाता , मई 16 -- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में कैनिंग पश्चिम से तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेश राम दास के भाई उत्तम दास को शुक्रवार रात पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। उत्तम दास पर चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की हत्या के प्रयास में शामिल होने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैनिंग-1 पंचायत समिति के अध्यक्ष और प्रभावशाली स्थानीय नेता माने जाने वाले उत्तम दास को कैनिंग के मिठाखाली गांव स्थित उनके आवास के सामने से हिरासत में लिया गया। गिरफ़्तारी के दौरान पुलिस टीम के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे और जब उन्हें हिरासत में लिया जा रहा था। सुरक्षा बलों ने उनके घर को चारों ओर से घेर लिया था। यह गिरफ़्तारी चार मई को दिघीरपार गाँव में भाजपा कार्यकर्ता अर्घ्यदीप बसु पर हुए हमले के सिलसिले में की गयी है। इसी दिन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए थे।
आरोपों के मुताबिक वोटों की गिनती के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने भाजपा समर्थक को निशाना बनाकर गोलियाँ चलाई थीं। गोली श्री बसु के दाहिने पैर में लगी थी। उत्तम दास की गिरफ़्तारी के बाद पूरे इलाक़े में तनाव फैल गया। उन्हें पुलिस थाने ले जाए जाने के कुछ ही देर बाद, बड़ी संख्या में उनके समर्थक थाने के बाहर जमा हो गए। बाद में, अशांति फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस और केंद्रीय बलों ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
खबरों के मुताबिक प्रशासन ने कैनिंग इलाके में पिछली घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतज़ाम किए हैं। इन घटनाओं में कथित तौर पर आरोपियों को पुलिस हिरासत से छीन लिया गया था और पुलिसकर्मियों पर हमले भी हुए थे। पूरी रात पुलिस थाने के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा। गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। उत्तम दास को शनिवार को अदालत में पेश किया जाना है। यह गिरफ्तारी चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में चुनाव के बाद हुई हिंसा के लगातार लग रहे आरोपों के बीच हुई है।
राज्य में 207 सीटें जीतने वाली भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर कई ज़िलों में अपने समर्थकों पर हमले करने का आरोप लगाया है। पूरे राज्य में भाजपा की ज़बरदस्त जीत के बावजूद, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार परेश राम दास ने कैनिंग पश्चिम सीट 40,000 से ज़्यादा वोटों के अंतर से अपने पास बरकरार रखी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित