रायसेन , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिला जेल में बुधवार को एक विचाराधीन कैदी ने ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रहरी को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिला जेल में तैनात प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को विचाराधीन कैदी नीलेश ठाकुर ने गोली मारी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कैदी जेल से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान विवाद होने पर उसने प्रहरी पर गोली चला दी।

गोली प्रहरी के कमर से नीचे के हिस्से में लगी और शरीर के अंदर फंस गई। घटना के बाद जेल कर्मचारियों ने घायल प्रहरी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभिषेक सागर ने बताया कि प्राथमिक उपचार और जांच के बाद घायल को बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है।

बताया गया है कि जेल में बुधवार को स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी दौरान कैदी फलों की टोकरी लेकर जेल गेट की ओर पहुंचा था। घटना के संबंध में पुलिस और जेल प्रशासन जांच कर रहे हैं। नीलेश ठाकुर बरेली के पास दिमाड़ा गांव का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जेल परिसर के भीतर हथियार कैसे पहुंचा और सुरक्षा जांच में कहां चूक हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं तथा घटना के बाद जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित