पटना , जनवरी 24 -- बिहार में भूमि सर्वेक्षण एवं अन्य राजस्व कार्यों में कैथी लिपि से संबंधित आ रही समस्याओं के समाधान के लिये राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से कैथी लिपि विशेषज्ञों के लिये आयोजित पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ।
कैथी लिपि विशेषज्ञों के लिए राजस्व सर्वे (प्रशिक्षण) संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान कैथी लिपि की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से लेकर उसके व्यवहारिक उपयोग तक का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न क्षेत्रीय शैलियों के साथ-साथ भूमि से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को पढ़ने, समझने और अनुवाद करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश ने इसका उद्देश्य बताया, वहीं बीएचयू के शोध छात्र सह प्रशिक्षक प्रीतम कुमार ने कैथी लिपि का सामान्य परिचय देते हुए उसकी ऐतिहासिकता, विशेषताओं तथा कैथी के सरल स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला।सारण निवासी प्रशिक्षक वकार अहमद ने भूमि से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों में प्रयुक्त उर्दू-फारसी शब्दावलियों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित