सिरसा , जून 15 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा द्वारा लोकसभा में उठाये गये कैंसर और प्रदूषित जल के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने कहा है कि कैंसर प्रभावित क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्यों को सहायता दी जा रही है।
केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने लिखित उत्तर में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की रोकथाम, जांच और उपचार के लिए राज्यों को वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग प्रदान कियाजा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि हरियाणा के सभी 22 जिला अस्पतालों में डे-केयर कैंसर केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा राज्य में 22 जिला एनसीडी क्लीनिक, 157 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर की एनसीडी क्लीनिक तथा पांच जिला अस्पतालों में कैंसर कीमोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध हैं। कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।
लोकसभा में कुमारी सैलजा ने सिरसा और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषित जल तथा पर्यावरणीय कारणों से बढ़ते कैंसर मामलों का मुद्दा उठाया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययनों में सीसा, तांबा और एल्यूमिनियम जैसे तत्वों की अधिकता तथा जल प्रदूषण को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना गया है।
केंद्र सरकार ने बताया कि केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नियमित रूप से जल गुणवत्ता की निगरानी करते हैं। वर्ष 2023 के विश्लेषण में हरियाणा के कई स्थानों पर नदी जल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद सुधारात्मक कदम उठाये जा रहे हैं।
सरकार के अनुसार राज्य में प्रदूषण नियंत्रण और सीवरेज उपचार से जुड़ी कई परियोजनाएं संचालित हैं। बड़ी संख्या में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किये गये हैं और प्रदूषित जल के उपचार की क्षमता बढ़ाई जा रही है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कैंसर और प्रदूषित जल का मुद्दा केवल स्वास्थ्य से नहीं, बल्कि लाखों लोगों के जीवन और भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने सिरसा सहित कैंसर प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक जांच केंद्र और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों से समन्वित कार्ययोजना बनाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित