नयी दिल्ली , नवंबर 09 -- कैंसर की 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमत सोमवार से लागू हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को हर साल 3,540 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग के अंतर्गत आने वाले 'राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण' (एनपीपीए) ने 137 कैंसर-रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय कर दी है। यह कदम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को गठित एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर उठाया गया है। इन दवाओं की संशोधित एमआरपी आज से लागू हो गई हैं।
औषधि विभाग द्वारा सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि दवा बनाने वाली 85 कंपनियों ने 08 नवंबर तक 121 दवाओं से जुड़े 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन के लिए संशोधित एमआरपी की जानकारी दी है। इनमें से 679 ब्रांडों की नयी कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी की गई है। एमआरपी में सबसे अधिक कमी 96.45 प्रतिशत दर्ज की गई है। कीमतों में इस कमी के कारण, उपभोक्ताओं को सालाना लगभग 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
उपभोक्ता दवा के पैक पर छपी संशोधित एमआरपी देख सकते हैं। साथ ही 'फार्मा सही दाम' नामक मोबाइल ऐप या एनपीपीए की वेबसाइट पर दवाओं की कीमतों की पुष्टि कर सकते हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी संशोधित एमआरपी से अधिक कीमत नहीं वसूल सकती। यदि अधिक कीमत वसूली जाती है या कीमतों से जुड़ी कोई अन्य शिकायत है, तो उपभोक्ता 'फार्मा जन समाधान' पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं या एनपीपीए हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित