पटना , अक्टूबर 04 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने रविवार को कहा कि कैंसर और तपेदिक (टीबी) जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव एवं उपचार में जागरूकता बहुत महत्वपूर्ण है और बीमारी के लक्षण, बचाव, जांच और उपलब्ध इलाज की जानकारी होने पर ही लोग समय पर अस्पताल पहुंच सकेंगे।
राज्यपाल ने आज पटना स्थित महावीर कैंसर संस्थान में रोटरी इंटरनेशनल जिला 3250 (बिहार एवं झारखंड) की ओर से आयोजित 'कैंसर एवं टीबी जागरूकता व रोकथाम' विषयक संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सक तभी प्रभावी उपचार कर सकते हैं, जब मरीज समय पर उनके पास पहुंचे। इसके लिए ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरल भाषा में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि जागरूकता और प्रभावी संवाद ने उस दौरान बीमारी से मुकाबले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
श्री हसनैन ने कहा कि टेलीविजन, रेडियो और सामाजिक माध्यमों के जरिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जानी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और प्रत्येक मरीज की सेवा मानवता के भाव से की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित