वाराणसी , अक्टूबर 17 -- वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र की कुंज विहार कॉलोनी में पुलिस ने एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से भंडारित लगभग 30 कुंतल पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखों के भंडारण के संबंध में संबंधित व्यक्ति कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे मिली सूचना के आधार पर कैंट थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कुंज विहार कॉलोनी में छापेमारी की। इस दौरान मकान से बारूद से निर्मित लगभग 30 कुंतल पटाखे बरामद किए गए।

मौके पर मौजूद राहुल गुप्ता, निवासी बी-1001, वरुणा गार्डन, थाना कैंट, वाराणसी से पटाखों के भंडारण के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह इसे प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने पटाखों को कब्जे में ले लिया है। राहुल गुप्ता के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण तथा जनसुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित