फिरोजाबाद , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले की नसीरपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंटर में छिपाकर ले जाए जा रहे करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त कैंटर भी जब्त किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (क्राइम) चंचल त्यागी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और थाना नसीरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नगला गुंज-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के करनपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास एक कैंटर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कैंटर में छिपाकर रखा गया तीन कुंतल 69 किलोग्राम 92 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम विरामपुर निवासी पन्नालाल पुत्र वासुदेव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश लाता था और यहां पुड़िया बनाकर कई गुना अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है और युवाओं को नशे का आदी बनाने के उद्देश्य से अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद गांजे की आपूर्ति श्रृंखला और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस निरीक्षक मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद अकरम (एसओजी), उपनिरीक्षक देवेश कुमार, थाना नसीरपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित