नैनीताल , मार्च 23 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कैंची धाम मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मार्ग पर यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए श्रद्धालु नीब करौरी बाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे और उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर रहे थे।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित